नेपाल में Gen-Z विरोध प्रदर्शन के चलते हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। करप्शन और सोशल मीडिया पर बैन लगाने के विरोध में लगातार दूसरे दिन युवाओं का हिंसक प्रदर्शन जारी है। अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच मंगलवार (9 सितंबर, 2025) को सुबह से ही काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट (TIA) पर अफरा-तफरी का माहौल है।
देश में डोमेस्टिक आगमन (Arrivals) और प्रस्थान (Departures) पूरी तरह रोक दिए गए हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय आगमन भी बंद कर दिया गया है। कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स काठमांडू के ऊपर हवा में चक्कर काटने को मजबूर हुईं, जबकि कुछ उड़ानों को वापस लौटना पड़ा।
“आखिरी 1 घंटे से कोई फ्लाइट नहीं उड़ी”
शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान जारी था, लेकिन अब इसे भी बंद कर दिया गया है। चीन की ओर दो फ्लाइट्स ने उड़ान भरी, मगर पिछले एक घंटे में कोई भी विमान नहीं उड़ा। भारत की दो फ्लाइट्स, जो काठमांडू के लिए रवाना हुई थीं, उन्हें लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया—फ्लाइट संख्या 1153 (DEL–KTM) और उड़ान संख्या 1157 (BOM–KTM)।
कई नेताओं के घर फूंके, मंत्रियों का इस्तीफा
प्रदर्शन और अधिक उग्र हो गया है। आंदोलनकारियों ने नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के निजी आवास को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा कई वरिष्ठ मंत्रियों के घरों को भी निशाना बनाया गया। हालात बिगड़ते देख गृह मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल और जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव ने इस्तीफा दे दिया है।
बढ़ते बवाल को देखते हुए चौथे काठमांडू कलिंग साहित्य महोत्सव को भी स्थगित कर दिया गया है। आयोजकों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।




















