पुदुचेरी क्रिकेट में बड़ा हंगामा उस समय खड़ा हो गया, जब अंडर-19 टीम के हेड कोच एस. वेंकटरमन पर तीन स्थानीय खिलाड़ियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) की टीम में उन्हें जगह नहीं दी गई, जिससे नाराज़ होकर खिलाड़ियों ने कोच पर हमला कर दिया। इस घटना में वेंकटरमन के सिर और कंधे में गंभीर चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
कैसे भड़का विवाद?
यह हमला CAP (Cricket Association of Pondicherry) के इनडोर नेट्स में सोमवार सुबह हुआ। प्रैक्टिस के दौरान तीन खिलाड़ी—कार्तिकेयन जयसुंदरम, ए. अरविंदराज और एस. संतोष कुमारन—वहां पहुंचे और कोच से कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ने पर खिलाड़ियों ने बैट से हमला किया, जिससे कोच के माथे पर गहरे घाव आए और कंधे में फ्रैक्चर हो गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जबकि आरोपी खिलाड़ी फिलहाल फरार हैं।
विवाद की जड़ क्या है?
यह मामला केवल टीम चयन को लेकर गुस्से भर का नहीं माना जा रहा। लंबे समय से स्थानीय खिलाड़ियों के साथ भेदभाव और बाहरी खिलाड़ियों को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि बाहरी खिलाड़ियों को गलत दस्तावेजों के आधार पर टीम में शामिल किया जाता रहा, जबकि लोकल खिलाड़ियों को लगातार नज़रअंदाज़ किया गया। इसी वजह से नाराज़गी अब टकराव का रूप ले चुकी है।
BCCI की सख्ती
घटना सामने आने के बाद BCCI ने इसे गंभीर बताते हुए जांच का आदेश देने की बात कही है। अब यह मामला केवल पुदुचेरी क्रिकेट संघ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पूरे प्रकरण की पड़ताल होगी।
कोच की शिकायत में क्या कहा गया?
वेंकटरमन ने अपनी शिकायत में तीनों खिलाड़ियों के नाम दर्ज कराने के साथ यह भी आरोप लगाया है कि खिलाड़ियों को भड़काने में बाहरी लोगों की भूमिका हो सकती है। फिलहाल CAP की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यह घटना पुदुचेरी क्रिकेट के सिस्टम और चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़ा कर रही है।



















