भारत की टेस्ट और ODI टीम के कप्तान शुभमन गिल की सैलरी जल्द बढ़ सकती है। उम्मीद है कि BCCI अगली सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में उन्हें प्रमोशन देकर A+ कैटेगरी में शामिल कर सकती है, जिससे उनकी तनख्वाह रोहित शर्मा और विराट कोहली के बराबर हो जाएगी।
19 दिसंबर को भारत–दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज समाप्त होने के बाद 22 दिसंबर को BCCI की वार्षिक आम बैठक होने की संभावना है। इसी बैठक में शुभमन गिल के प्रमोशन पर मुहर लग सकती है। साथ ही यह भी तय होगा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को जारी कॉन्ट्रैक्ट में रखा जाए या नहीं, क्योंकि अब दोनों केवल ODI फॉर्मेट में खेल रहे हैं।
पिछले साल BCCI की A+ कैटेगरी में सिर्फ चार खिलाड़ी शामिल थे—विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा। इस कैटेगरी के खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं।
ग्रेड A की सैलरी 5 करोड़ रुपये, ग्रेड B की 3 करोड़ रुपये और ग्रेड C की 1 करोड़ रुपये है।
फिलहाल शुभमन गिल ग्रेड A में हैं और उन्हें 5 करोड़ रुपये सालाना मिलते हैं। अब टेस्ट और ODI दोनों टीमों की कप्तानी संभालने तथा टी20 में उपकप्तान होने की वजह से उनके प्रमोशन की संभावना मजबूत मानी जा रही है।



















