अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के लिए सेल्फ-डिपोर्टेशन की वित्तीय प्रोत्साहन राशि 1,000 डॉलर से बढ़ाकर 3,000 डॉलर कर दी है. इसके साथ ही, जो लोग साल के अंत तक CBP One ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन कराते हैं, उन्हें अमेरिका से अपने देश लौटने के लिए मुफ्त हवाई टिकट भी दिया जाएगा.
31 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन पर लाभ
सोमवार को जारी बयान में DHS ने कहा कि जो अवैध प्रवासी 31 दिसंबर से पहले सेल्फ-डिपोर्टेशन के लिए रजिस्ट्रेशन करेंगे, वे 3,000 डॉलर नकद प्रोत्साहन, सरकार द्वारा प्रायोजित यात्रा और वीज़ा अवधि से अधिक रुकने से जुड़े नागरिक जुर्मानों या दंडों की माफी के पात्र होंगे.
‘तेज मुफ्त और आसान’ प्रक्रिया
विभाग ने सेल्फ-डिपोर्टेशन को एक तेज मुफ्त और आसान प्रक्रिया बताया. इसके तहत उपयोगकर्ताओं को केवल CBP One ऐप डाउनलोड करना होगा, अपनी जानकारी जमा करनी होगी और यात्रा की व्यवस्था सरकार पर छोड़नी होगी.
विकल्प नहीं चुना तो सख्त कार्रवाई
DHS ने चेतावनी दी है कि जो लोग इस योजना में शामिल नहीं होंगे, उन्हें गिरफ्तार कर निर्वासित किया जाएगा और भविष्य में अमेरिका में प्रवेश पर स्थायी प्रतिबंध लगाया जाएगा. यह विस्तारित प्रोत्साहन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में चल रहे सख़्त आव्रजन अभियान का हिस्सा है. ट्रंप प्रशासन ने आव्रजन कानूनों के कड़े प्रवर्तन को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बनाया है.



















