निर्देशक संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्साह बना हुआ है। फिल्म की शूटिंग के दौरान कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद से इसकी चर्चा और तेज हो गई थी। अब फिल्म के फर्स्ट लुक को लेकर नई जानकारी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का फर्स्ट लुक जल्द जारी किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि निर्माता दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ाने के लिए इसकी तैयारी में जुटे हैं। फिलहाल फर्स्ट लुक को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है और संभावना है कि इसे दिवाली 2026 से पहले रिलीज किया जाए। हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख का अभी तक ऐलान नहीं किया गया है।
फिल्म 21 जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, फर्स्ट लुक को लेकर अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म की अन्य स्टार कास्ट को लेकर अब तक कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। संजय लीला भंसाली अपनी भव्य फिल्मों, शानदार विजुअल्स और भावनात्मक कहानियों के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में इस फिल्म से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।
रणबीर कपूर के आगामी प्रोजेक्ट
रणबीर कपूर जल्द ही रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। इसमें साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान और यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाली है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
आलिया और विक्की की आने वाली फिल्में
आलिया भट्ट हाल ही में फिल्म ‘अल्फा’ में एक्शन अवतार में नजर आई थीं। अब वह ‘लव एंड वॉर’ के अलावा ‘तुम्बाड 2’ में भी दिखाई देंगी। दूसरी ओर, विक्की कौशल की पिछली फिल्म ‘छावा’ को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। अब वह अपनी अगली फिल्म ‘महावतार’ को लेकर भी चर्चा में हैं।



















