भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में भी अपना दबदबा कायम रखा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 10 विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। इससे पहले भारत ने पहला रेड बॉल मुकाबला पारी और 48 रन के बड़े अंतर से जीता था।
दूसरे टेस्ट में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी पहली पारी में 174 रन पर ढेर हो गई। विकेटकीपर बल्लेबाज चार्ली हेंडरसन ने 37 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली। भारत के तन्मय बलोदा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए।
भारत ने पहली पारी में बनाई 141 रन की बढ़त
ऑस्ट्रेलिया के 174 रन के जवाब में भारतीय अंडर-19 टीम ने पहली पारी में 315 रन बनाए। इस तरह भारत को 141 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल हुई। कप्तान यशवर्धन चौहान ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 9 चौकों की मदद से 52 रन बनाए और टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी फेल
141 रन से पिछड़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया के सामने मैच में वापसी करने की बड़ी चुनौती थी। टीम को पहले भारत की बढ़त खत्म करनी थी और फिर मेजबान टीम के सामने लक्ष्य रखना था। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 151 रन पर समाप्त हो गई। ब्लेक कैटल ने 63 रन की पारी खेलकर कुछ संघर्ष किया। उनकी पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी का सामना नहीं कर सके।
तन्मय बलोदा ने मैच में झटके 14 विकेट
भारत की जीत के सबसे बड़े नायक तन्मय बलोदा रहे। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया और 8 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इस तरह तन्मय ने पूरे मुकाबले में कुल 14 विकेट अपने नाम किए।
सिर्फ 11 रन का लक्ष्य, 5 गेंद में जीत
ऑस्ट्रेलिया के 151 रन पर आउट होने के बाद भारत के सामने जीत के लिए महज 11 रन का लक्ष्य था। भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए सिर्फ 5 गेंदों में यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने नाबाद 9 रन बनाए, जबकि सागर विर्क 2 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस तरह भारत ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में 10 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया।



















