दिल्ली में इस वीकेंड कुछ अलग और खास करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। राजधानी में दो दिवसीय नॉर्थ-ईस्ट फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। यहां संगीत, स्वादिष्ट व्यंजन और पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। दोस्तों और परिवार के साथ वीकेंड बिताने के लिए यह आयोजन एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
21 और 22 नवंबर 2026 को दिल्ली के हुमायूंपुर में आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल में लाइव म्यूजिक, डीजे परफॉर्मेंस और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पूर्वोत्तर के अलग-अलग राज्यों से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
हुमायूंपुर को हाल ही में टाइम आउट की ओर से दुनिया के शानदार इलाकों में शामिल किया गया है। अब यह इलाका नॉर्थ-ईस्ट इंडिया के खान-पान, संगीत और परंपराओं के जश्न का केंद्र बनने जा रहा है।
कहां और कब होगा नॉर्थ-ईस्ट फेस्टिवल?
फेस्टिवल में शामिल होने के इच्छुक लोग आयोजन से जुड़ी जानकारी यहां देख सकते हैं:
- स्थान: एनसीसी पार्क, हुमायूंपुर, नई दिल्ली
- तारीख: 21 और 22 नवंबर 2026
- समय: दोपहर 3 बजे से
पहले दिन इन कलाकारों की होगी प्रस्तुति
शनिवार, 21 नवंबर को फेस्टिवल की शुरुआत डीजे और अनप्लग्ड म्यूजिक परफॉर्मेंस के साथ होगी। इसके बाद दर्शकों को संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
पहले दिन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं:
- हुमायूंपुर की खास सांस्कृतिक सैर
- जेपोलैंड (नागालैंड) की लाइव परफॉर्मेंस
- लिल किकी (मिजोरम)
- करण बी की प्रस्तुति
दूसरे दिन भी संगीत और मनोरंजन का रहेगा माहौल
रविवार, 22 नवंबर को भी कार्यक्रमों की रौनक जारी रहेगी। दूसरे दिन डीजे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अनप्लग्ड म्यूजिक सेशन आयोजित किए जाएंगे।
इस दिन जैक ऑफ स्पेड्ज़ (मणिपुर), भास्कर ऑप्सवेल (असम) और डीजे नेमे अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग जमाएंगे।
लाइव म्यूजिक के साथ चखने को मिलेंगे पूर्वोत्तर के व्यंजन
नॉर्थ-ईस्ट फेस्टिवल की खासियत सिर्फ संगीत और डांस तक सीमित नहीं होगी। यहां आने वाले लोगों को पूर्वोत्तर भारत के पारंपरिक व्यंजनों और स्ट्रीट फूड का स्वाद चखने का अवसर भी मिलेगा।
इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लाइव म्यूजिक और अनप्लग्ड सेशन आयोजन को खास बनाएंगे। फेस्टिवल के जरिए पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों की परंपराओं, स्थानीय कलाकारों और समुदायों की संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
अगर आप संगीत के शौकीन हैं और अलग-अलग राज्यों के खान-पान व संस्कृति को जानना चाहते हैं, तो यह फेस्टिवल आपके वीकेंड प्लान में शामिल हो सकता है।
Disclaimer: इस लेख में आयोजन से जुड़ी तारीख, समय, स्थान और कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध विवरण के आधार पर दी गई है। आयोजन में बदलाव की स्थिति में आयोजकों की ओर से जारी आधिकारिक सूचना को प्राथमिकता दें।

















