ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य के सिडनी में हुई गोलीबारी में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। सिडनी के बोंडी बीच तट पर रविवार (14 दिसंबर) को हनुक्का समारोह का आयोजन किया जा रहा था। इस दौरान शाम को दो हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस आतंकी घटना में एक हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति भी गरमा गई है। इजरायल के प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार पर यहूदी विरोध को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कुछ नीतिगत फैसले यहूदी-विरोधी भावना को भड़काते हैं और वैश्विक यहूदी विरोध के खिलाफ सख्त रुख अपनाना जरूरी है। ऑस्ट्रेलिया में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और मामले की आतंकवादी एंगल से व्यापक जांच जारी है।
ऑस्ट्रेलियाई जांच एजेंसियों ने हमलावरों के बैकग्राउंड की जांच शुरू कर दी है। हमला पिता-पुत्र ने मिलकर किया। 50 वर्षीय पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 24 वर्षीय बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है और पुलिस हिरासत में है। हमले में 16 लोगों की मौत हुई, जबकि 42 लोग घायल हुए।
सिडनी में हुई गोलीबारी का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है। हमलावरों की पहचान पाकिस्तानी मूल के व्यक्ति के रूप में हुई है। एक चश्मदीद ने बताया, “गोलियों की आवाज पटाखों जैसी लग रही थी। मैं सपने में भी नहीं सोच सकता था कि बोंडी में भी गोलीबारी हो सकती है। मैं गोलियों की आवाज सुनकर भाग गया।”



















