लखनऊ। बीकेटी स्थित एस.आर. ग्लोबल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय ‘इंटर-स्कूल स्विम स्ट्रोक 2026’ प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हो गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। फ्री-स्टाइल, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बैक स्ट्रोक और बटरफ्लाई जैसी प्रतियोगिताओं में शहर के उभरते तैराकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
समापन समारोह में संस्था के चेयरमैन एवं सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन पूर्णतः निशुल्क रखा गया, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन पीयूष चौहान एवं वाइस चेयरपर्सन सुष्मिता चौहान ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन रिले रेस (4×50 मीटर फ्री स्टाइल) में बालक वर्ग में सीएमएस राजेंद्र नगर प्रथम, सेठ आनंदराम जयपुरिया द्वितीय और सीएमएस एलडीए तृतीय स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड ने पहला स्थान प्राप्त किया।
50 मीटर फ्री स्टाइल, 25 मीटर फ्री स्टाइल (अंडर-11), 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक, 50 मीटर बैक स्ट्रोक, 25 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक, 100 मीटर एवं 50 मीटर बटरफ्लाई स्ट्रोक सहित विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-13 से अंडर-17 वर्ग तक के प्रतिभागियों ने अपने-अपने इवेंट्स में पदक हासिल किए।
200 मीटर इंडिविजुअल मेडले (अंडर-17 बालक वर्ग) में सीएमएस राजेंद्र नगर के शिव जायसवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, कोच एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।



















