बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों दो बड़ी कॉमेडी फिल्में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही हैं। अजय देवगन स्टारर ‘धमाल 4’ और अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ के बीच कमाई की दिलचस्प टक्कर देखने को मिल रही है। शुरुआती चार दिनों के आंकड़ों में दोनों फिल्मों ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन नेट कलेक्शन के मामले में ‘धमाल 4’ ने मामूली बढ़त हासिल की है।
चार दिनों में ‘धमाल 4’ ने लगभग 73.75 करोड़ रुपये (नेट) का कारोबार किया, जबकि ‘वेलकम टू द जंगल’ का चार दिन का नेट कलेक्शन 72.25 करोड़ रुपये रहा। दोनों फिल्मों के बीच अंतर कम रहा, लेकिन शुरुआती रेस में अजय देवगन की फिल्म आगे निकल गई।
‘वेलकम टू द जंगल’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन
फिल्म ने रिलीज से पहले आयोजित पेड प्रीव्यू से 3.75 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद पहले दिन 15.25 करोड़, दूसरे दिन 20 करोड़, तीसरे दिन 24.75 करोड़ और चौथे दिन 8.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 86.53 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 106.48 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार, अरशद वारसी, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, फरीदा जलाल, दिशा पाटनी सहित 30 से अधिक कलाकार नजर आए हैं।
‘धमाल 4’ ने भी दिखाई दमदार शुरुआत
इंदर कुमार के निर्देशन में बनी ‘धमाल 4’ ने पहले दिन 14 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। दूसरे दिन फिल्म ने 22.50 करोड़, तीसरे दिन 28.50 करोड़ और चौथे दिन 8.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। चार दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 73.75 करोड़ रुपये, घरेलू ग्रॉस 88.33 करोड़ रुपये और ओवरसीज कलेक्शन 14.50 करोड़ रुपये रहा। वहीं, फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई 102.83 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
फिल्म में अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, अंजलि आनंद और संजीदा शेख अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
दोनों फिल्मों को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि लंबी दौड़ में कौन-सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बढ़त बनाए रखती है और कमाई के नए रिकॉर्ड स्थापित करती है।



















