हाल ही में अमिताभ बच्चन की एक ब्लॉग पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी सर्जरी और स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगने लगी थीं। हालांकि अब अभिनेता ने खुद इन खबरों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि उनकी कोई सर्जरी नहीं हुई है और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
एक बातचीत में अमिताभ बच्चन ने कहा कि उनकी पोस्ट को गलत तरीके से समझ लिया गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अस्पताल, आईसीयू और सर्जरी का जिक्र केवल एक उदाहरण के रूप में किया था, ताकि यह समझाया जा सके कि किसी कठिन दौर से बाहर निकलना कितना चुनौतीपूर्ण होता है। उनका संदर्भ फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना की हार और लियोनेल मेसी जैसे चैंपियन खिलाड़ी की स्थिति से था, न कि अपनी सेहत से।
अमिताभ ने कहा कि लोगों ने उनकी बात को व्यक्तिगत अनुभव मान लिया, जबकि उनका उद्देश्य खेल और जीवन में हार के बाद मानसिक संघर्ष को समझाना था। उन्होंने दोहराया कि उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक है और सर्जरी संबंधी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
इससे पहले उनकी ब्लॉग पोस्ट में अस्पताल और आईसीयू का जिक्र आने के बाद प्रशंसकों के बीच चिंता बढ़ गई थी। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर भी संदेश साझा किया, जिसके बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। अब अभिनेता के स्पष्टीकरण के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया है।



















