बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट को एक साथ देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं। तीनों कलाकार एक नए विज्ञापन में साथ नजर आए हैं, जिसमें उनकी शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। एड में तीनों ने एक-दूसरे की फिल्मों के मशहूर किरदारों और डायलॉग्स को लेकर मजेदार अंदाज में चुटकी ली है।
विज्ञापन के एक हिस्से में शाहरुख खान ने आलिया भट्ट की फिल्म ‘जिगरा’ को लेकर ऐसा मजाक किया, जिसे देखकर रणबीर कपूर का रिएक्शन भी चर्चा में आ गया है।
एक विज्ञापन में नजर आईं बॉलीवुड की तीन बड़ी हस्तियां
शाहरुख खान, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट एक स्टील रॉड ब्रांड के विज्ञापन में दिखाई दिए हैं। विज्ञापन में अभिनेता बृजेंद्र काला तीनों कलाकारों के साथ एक विज्ञापन आइडिया पर चर्चा करते नजर आते हैं।
बृजेंद्र काला तीनों को बताते हैं कि उन्हें स्टेज पर डांस करते हुए ब्रांड का प्रचार करना है। हालांकि, तीनों ही इस सुझाव से सहमत नहीं होते और अपने-अपने तरीके से विज्ञापन को पेश करने के आइडिया देने लगते हैं।
इसके बाद शुरू होता है तीनों सितारों के बीच फिल्मों को लेकर मजाकिया अंदाज में एक-दूसरे की टांग खिंचाई का सिलसिला।
शाहरुख ने ‘डॉन’ का किया जिक्र
सबसे पहले शाहरुख खान अपनी फिल्म ‘डॉन’ के अंदाज में विज्ञापन का आइडिया पेश करते हैं। वह ऐसी स्थिति बताते हैं, जिसमें डॉन के घर को कई देशों की पुलिस ने घेर रखा है, लेकिन मजबूत घर को तोड़ना उनके लिए आसान नहीं है।
शाहरुख के इस आइडिया पर रणबीर कपूर भी अपनी फिल्म ‘डॉन’ के संदर्भ में मजेदार प्रतिक्रिया देते हैं। इसके बाद रणबीर अपनी फिल्म ‘रॉकस्टार’ से जुड़ा एक आइडिया बताते हैं। वह कहते हैं कि एक रॉकस्टार शानदार परफॉर्मेंस देता है और पूरा माहौल हिला देता है, लेकिन स्टेज अपनी जगह से नहीं हिलता।
आलिया ने रणबीर को भी नहीं छोड़ा
रणबीर की बात सुनने के बाद आलिया भट्ट उनकी फिल्म ‘रॉकस्टार’ के एक मशहूर गाने का संदर्भ देते हुए मजेदार अंदाज में जवाब देती हैं। इसके बाद बारी आती है आलिया के अपने विज्ञापन आइडिया की।
आलिया एक ऐसी लड़की की कहानी बताती हैं, जिसका भाई जेल में है और वह जेल को तोड़ने की कोशिश कर रही है। इसी मौके पर शाहरुख खान आलिया की फिल्म ‘जिगरा’ का संदर्भ जोड़ देते हैं।
शाहरुख मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि इस आइडिया को देखने के लिए किसी में ‘जिगरा’ नहीं है। उनके इस डायलॉग में आलिया की फिल्म के नाम को लेकर सीधा मजाक नजर आता है।
सोशल मीडिया पर पसंद आया तीनों का अंदाज
विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस तीनों कलाकारों की साथ में मौजूदगी और उनकी कॉमेडी टाइमिंग की तारीफ कर रहे हैं। वीडियो पर कई फिल्मी सितारों ने भी प्रतिक्रिया दी।
श्रद्धा कपूर ने हंसने वाले इमोजी के जरिए अपना रिएक्शन दिया। वहीं सिद्धांत कपूर ने कमेंट में ‘लव इट’ लिखा। ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से जुड़े ओरी ने भी हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी।
फैंस ने भी विज्ञापन को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने इसे शानदार एड बताया, जबकि कई लोगों ने लंबे समय बाद तीनों सितारों को एक साथ देखकर खुशी जाहिर की।



















