एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा है। श्रीलंका-ए ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंडिया-ए को 8 विकेट से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन गेंदबाज इस लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे। श्रीलंका ने महज 41.3 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अभिषेक, तिलक और शाहबाज ने लगाए अर्धशतक
मुकाबले में भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 27 गेंदों में 40 रन बनाए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने 78 रनों की शानदार पारी खेली।
कप्तान तिलक वर्मा ने भी 53 रन बनाए, जबकि शाहबाज अहमद ने 54 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत इंडिया-ए ने निर्धारित ओवरों में 317 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बड़े लक्ष्य के बावजूद भारतीय गेंदबाज श्रीलंका के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में सफल नहीं रहे।
श्रीलंका के ओपनर्स ने भारत से छीनी जीत
318 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की सलामी जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 174 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
लसिथ क्रॉसपुल ने 107 गेंदों पर 116 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं सिनेथ ने 70 गेंदों में 105 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए।
इस साझेदारी के दौरान भारत को विकेट हासिल करने का मौका भी मिला था। हर्षित राणा की गेंद पर लसिथ का कैच लेने का अवसर बना, लेकिन तिलक वर्मा उसे पकड़ नहीं सके। इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को कोई खास मौका नहीं दिया।
शाहबाज ने दिलाई पहली सफलता, लेकिन नहीं पलटा मैच
भारत को पहली सफलता 22वें ओवर में शाहबाज अहमद ने दिलाई। उन्होंने जयवर्धने को कैच आउट कराकर श्रीलंका की शुरुआती साझेदारी तोड़ी। इस विकेट के बाद भारतीय टीम को वापसी की उम्मीद जगी, लेकिन श्रीलंका की बल्लेबाजी लगातार मजबूत बनी रही।
लसिथ क्रॉसपुल ने निशान मदुष्का के साथ दूसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। लसिथ 265 रन के स्कोर पर आउट हुए, लेकिन तब तक मुकाबला भारत के हाथों से लगभग निकल चुका था।
निशान मदुष्का 58 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि कप्तान पवन रत्नायके ने 31 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा निराशाजनक
इतने बड़े स्कोर के बावजूद भारतीय गेंदबाज श्रीलंका के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे। हर्षित राणा ने 7 ओवर में 61 रन खर्च किए और एक विकेट हासिल किया। अरशद खान ने 4 ओवर में 46 रन दिए, जबकि तनुश कोटियान ने 6 ओवर में 48 रन लुटाए।
हर्ष दुबे ने अपने 10 ओवर में 56 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। शाहबाज अहमद ने 10 ओवर में 60 रन देकर एक सफलता हासिल की। इस तरह भारतीय गेंदबाजों के पास श्रीलंका की मजबूत बल्लेबाजी का कोई प्रभावी जवाब नहीं था।
शुक्रवार को पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा सेमीफाइनल
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का दूसरा सेमीफाइनल शुक्रवार, 27 नवंबर को खेला जाना है। इस मुकाबले में पाकिस्तान-ए और बांग्लादेश-ए की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम फाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगी। खिताबी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।

















