निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर लगातार चर्चा हो रही है। फिल्म के विजुअल्स, स्टार कास्ट और तकनीकी प्रस्तुति को लेकर दर्शकों के साथ-साथ कई फिल्मी हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। इसी कड़ी में टीवी के लोकप्रिय अभिनेता नितीश भारद्वाज, जिन्होंने टीवी धारावाहिक महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाया था, ने फिल्म की जमकर सराहना की है।
नितीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लंबा संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि ट्रेलर देखकर उन्हें विश्वास है कि यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म को विदेशी भाषा की श्रेणी में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों तक पहुंचने का मौका मिल सकता है।
उन्होंने फिल्म के निर्माण, प्रोडक्शन डिजाइन, सिनेमैटोग्राफी, विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की भी तारीफ की। उनके अनुसार, ऐतिहासिक और पौराणिक दुनिया को बड़े पैमाने पर प्रस्तुत करने के लिए जिस स्तर का तकनीकी काम किया गया है, वह भारतीय सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है।
रणबीर कपूर को दी खास सलाह
नितीश भारद्वाज ने फिल्म में भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर की भी सराहना की। उन्होंने लिखा कि वह हमेशा रणबीर के अभिनय के प्रशंसक रहे हैं, लेकिन अब इस तरह की भूमिका निभाने के बाद उनकी सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है।
उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में रणबीर को ऐसी फिल्मों का चयन करना चाहिए जो भारतीय संस्कृति और विरासत के अनुरूप हों। साथ ही उन्होंने अभिनेता से अपनी सार्वजनिक छवि और भाषा को लेकर भी सजग रहने की अपील की।
संगीत और कलाकारों की भी की प्रशंसा
अभिनेता ने फिल्म के संगीत की भी तारीफ करते हुए संगीतकार हंस जिमर और ए.आर. रहमान के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों दिग्गज संगीतकारों की मौजूदगी फिल्म को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान दिला सकती है।
इसके अलावा उन्होंने फिल्म में माता सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी के अभिनय को लेकर भी सकारात्मक उम्मीद जताई और कहा कि दर्शक उन्हें इस किरदार में जरूर पसंद करेंगे। उन्होंने यह भी इच्छा व्यक्त की कि फिल्म में गोस्वामी तुलसीदास की चौपाइयों का भी प्रभावी उपयोग देखने को मिले।
फिल्म कई बार देखने की जताई इच्छा
नितीश भारद्वाज ने कहा कि फिल्म के निर्माण में किए गए प्रयासों और भव्यता को देखते हुए वह इसे एक से अधिक बार देखना चाहेंगे। उनके अनुसार, इस तरह की पौराणिक फिल्मों का निर्माण भारतीय सिनेमा के लिए गर्व की बात है।
दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में अरुण गोविल सहित कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का निर्माण बड़े पैमाने पर किया गया है और इसमें आधुनिक VFX, भव्य सेट तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक का उपयोग किया गया है।



















