टी-20 में दुनिया की टॉप-2 टीम भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 वर्ल्ड कप सुपर-8 का मुकाबला सेंट लूसिया में आज रात 8 बजे खेला जाएगा। इस मुकाबले पर ग्रुप-1 की सारी टीमों की नजरें टिकी हैं।
भारत के लिए 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में अपने ही घर में मिली हार का बदला लेने का यह सुनहरा मौका है। टीम इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को हराकर उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल कर सकती है। रिकॉर्ड्स भी भारतीय टीम के फेवर में हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने 12 साल बाद ट्रॉफी जीतने का सपना तोड़ा
19 नवंबर 2023, 12 साल बाद वनडे वर्ल्ड की ट्रॉफी से भारत बस एक कदम दूर था। टूर्नामेंट में अजेय भारत को एक आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से जीतकर खिताब अपने नाम करना था। स्टेडियम में हर तरफ बस भारतीय फैंस ही नजर आ रहे थे।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले शुभमन गिल, फिर रोहित शर्मा और फिर श्रेयर अय्यर ने जल्दी विकेट गंवा दिया। टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर विराट कोहली क्रीज पर थे इसलिए बड़ा स्कोर बनने की उम्मीद थी। लेकिन, टीम के 148 के स्कोर पर पैट कमिंस ने विराट को बोल्ड किया और स्टेडियम शांत हो गया। हालांकि, केएल राहुल की 67 रन की पारी ने टीम को 240 के स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने 7 ओवर में तीन विकेट खो दिए। स्टेडियम में वापस भारतीय फैंस का शोर गूंजने लगा। लेकिन, फिर ट्रैविस हेड ने छक्के-चौके लगाने शुरू किए और वह रुके ही नहीं। उन्होंने 137 रन की शतकीय पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से मैच जीत ट्रॉफी भारत के हाथों से छीन ली।
भारत को हराकर ऑस्ट्रेलिया ने 6ठीं बार वनडे वर्ल्ड कप जीता।
अब मैच डिटेल्स…
सुपर 8ः भारत Vs ऑस्ट्रेलिया
तारीख और स्टेडियमः 24 जून, डैरेन सैमी स्टेडियम, सेंट लूसिया
समयः टॉस- 7:30 PM, मैच स्टार्ट- 8:00 PM
कंगारू टीम पर भारत का पलड़ा भारी
पिछली भिड़ंत – भारत ने 6 रन से जीता था मैच
3 दिसंबर 2023 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आखिरी टी-20 मुकाबला बेंगलुरु में खेला गया था। भारत ने यह मैच 6 रन से जीता था और 5 मैचों की सीरीज भी 4-1 से अपने नाम की थी। उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करने हुए 8 विकेट खोकर 160 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 154 ही बना सकी थी। अर्शदीप सिंह ने उस मैच में भी दो विकेट लिए थे और आखिरी ओवर में 10 रन डिफेंड किए थे।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर 4-1 से सीरीज जीती थी।
टॉस और पिच का रोल- यहां अब तक 22 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए, 12 में पहले बैटिंग और 10 में चेज करने वाली टीमों को जीत मिली। 18 जून को वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के मुकाबले में पहली बार इस स्टेडियम में 200 पार स्कोर बना था। इस स्टेडियम पर गेंदबाज महज 8.00 की इकोनॉमी से रन खर्च करते हैं। पेस के साथ स्पिन गेंदबाजों को भी खूब विकेट मिलते हैं। इस वर्ल्ड कप के आधार पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना अच्छा हो सकता है।
मैच की अहमियत- जीत के साथ भारत टेबल टॉप पर खत्म करेगा सुपर-8
भारत 4 अंक के साथ ग्रुप-1 के टेबल में टॉप पर है। इस जीत के साथ भारत का सेमीफाइनल में टिकेट पक्का हो जाएगा। ऑस्ट्रेलिया का कन्फर्मेंशन अफगानिस्तान और बांग्लादेश के मुकाबले पर टिका हुआ है। अगर ऑस्ट्रेलिया हारता है और अफगानिस्तान अपना आखिरी मुकाबला जीत जाता है तो कंगारू टीम टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगी। वहीं, जीतने पर भी उसे बांग्लादेश और अफगानिस्तान के मुकाबले पर निर्भर रहना होगा।
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में अर्शदीप तीसरे टॉप विकेट टेकर, हेड भी फॉर्म
प्लेयर्स टू वॉच
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जसप्रीत का रिकॉर्ड अच्छा
- ऋषभ पंत- भारत के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 5 मैच में 152 रन बनाए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्म 42 रन बनाए थे। पिछले मैच में बांग्लदेश के खिलाफ 36 की पारी खेली थी।
- जसप्रीत बुमराह- भारत के दूसरे टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने 5 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ बुमराह ने 7 रन देकर तीन विकेट लिए थे। बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले 13 टी-20 मैच में 16 विकेट झटके हैं।
पिछले दो मैच में दो हैट्रिक ले चुके हैं पैट कमिंस
- एडम जम्पा – वर्ल्ड कप के एक एडिशन में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियन हैं। उन्होंने 6 मैच में 13 विकेट लिए हैं और महज 6.08 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की है।
- पैट कमिंस- पिछले दो मुकाबलों में पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी कर दो हैट्रिक ली। वह टूर्नामेंट में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने कुल 4 मैच में 9 विकेट लिए हैं।
इस वर्ल्ड कप में पैट कमिंस ने बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाफ हैट्रिक ली।
वेदर रिपोर्ट- 55% बारिश की आशंका
सेंट लूसिया में मैच के दौरान 55 फीसदी बारिश होने की संभावना है। 1 से 2 घंटा बारिश हो सकती है। आसमान में 80% तक बादल छाए रहेंगे। 27 से 30 डिग्री तापमान रहेगा।
पॉसिबल प्लेइंग इलेवन
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जड़ेजा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया : मिचेल मार्श (कप्तान), डेविड वॉर्नर, ट्रैविस हेड, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोयनिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेट कीपर), पैट कमिंस, नाथन एलिस, एडम जम्पा और जोश हेजलवुड।



















