अक्षय कुमार स्टारर ‘वेलकम टू द जंगल’ की बॉक्स ऑफिस रफ्तार अब धीमी पड़ती नजर आ रही है। तीसरे वीकेंड में फिल्म ने कुछ बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन तीसरे सोमवार को इसकी कमाई पहली बार लाखों में सिमट गई। माना जा रहा है कि नई रिलीज फिल्मों से मिल रही कड़ी टक्कर का असर इसके कारोबार पर साफ दिखाई दे रहा है।
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पहले सप्ताह में 93.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि दूसरे सप्ताह में 31.90 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। इसके बाद तीसरे सप्ताह की शुरुआत में फिल्म ने 15वें दिन 1 करोड़ रुपये, 16वें दिन 1.60 करोड़ रुपये और 17वें दिन 1.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के 18वें दिन (तीसरे सोमवार) फिल्म ने लगभग 55 लाख रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 130.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म अपने निर्माण खर्च की भरपाई पहले ही कर चुकी है और अब मुनाफे की ओर बढ़ रही है। हालांकि, मौजूदा रफ्तार को देखते हुए 150 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचना आसान नहीं माना जा रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए फिल्म को अभी लगभग 20 करोड़ रुपये और कमाने होंगे।
अब सभी की नजर आने वाले दिनों के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर रहेगी कि क्या ‘वेलकम टू द जंगल’ धीमी होती कमाई के बावजूद 150 करोड़ क्लब में जगह बना पाती है या नहीं।



















