पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने 52 साल की उम्र में दूसरी शादी कर ली है। जेमिमा ने आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई फाइनेंसर कैमरन ओ’रेली के साथ विवाह किया है।
जेमिमा के भाई बेन गोल्डस्मिथ ने सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीर साझा कर शादी की जानकारी दी। उन्होंने नवविवाहित जोड़े के लिए खुशी जाहिर करते हुए इसे खास दिन बताया।
बताया जा रहा है कि जेमिमा और कैमरन एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं और पिछले करीब एक साल से दोनों रिश्ते में थे। दोनों की मुलाकात फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री से जुड़े काम के दौरान हुई थी।
9 साल बाद टूट गया था इमरान और जेमिमा का रिश्ता
जेमिमा गोल्डस्मिथ और इमरान खान की शादी 1995 में हुई थी। करीब नौ साल साथ रहने के बाद दोनों ने 2004 में अलग होने का फैसला किया और अगले साल यानी 2005 में उनका तलाक हो गया।
दोनों के दो बेटे हैं, सुलेमान और कासिम। तलाक के बाद भी जेमिमा और इमरान के परिवार के बीच संबंध बने रहे। जेमिमा कई मौकों पर इमरान खान के समर्थन में सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख चुकी हैं।
इमरान खान के समर्थन में बोलती रही हैं जेमिमा
जेमिमा ने हाल के वर्षों में इमरान खान की स्थिति को लेकर कई बार चिंता जाहिर की है। उन्होंने पाकिस्तान में इमरान खान के साथ किए जा रहे व्यवहार को लेकर सवाल उठाए और अपने बेटों की ओर से भी उनके पिता के समर्थन में चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया।
जेमिमा ने इमरान के ब्रिटेन से जुड़े पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया था कि इमरान ने ऑक्सफोर्ड में शिक्षा हासिल की और इंग्लैंड में लंबे समय तक काउंटी क्रिकेट खेला।
इसके अलावा जेमिमा ने इमरान खान द्वारा स्थापित स्वास्थ्य संस्थान और विश्वविद्यालय का भी जिक्र किया है। उनका कहना रहा है कि उनके बेटे अपने पिता की सेहत और उनसे मिलने की स्थिति को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं।
फिल्म और डॉक्यूमेंट्री से जुड़ा है जेमिमा का करियर
इमरान खान से तलाक के बाद जेमिमा का नाम ब्रिटेन की कई चर्चित हस्तियों के साथ जोड़ा गया, लेकिन उन्होंने अपने करियर में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
जेमिमा इंस्टिंक्ट प्रोडक्शंस की संस्थापक हैं और फिल्म तथा टेलीविजन से जुड़े कई प्रोजेक्ट पर काम कर चुकी हैं। वह लेखन और मीडिया के क्षेत्र में भी सक्रिय रही हैं और कई प्रतिष्ठित प्रकाशनों के साथ काम कर चुकी हैं।
मानवाधिकार से जुड़े मुद्दों पर भी जेमिमा लंबे समय से अपनी राय सार्वजनिक रूप से रखती रही हैं।
कौन हैं कैमरन ओ’रेली?
जेमिमा के नए पति कैमरन ओ’रेली की उम्र 62 साल बताई जाती है। वह दिवंगत मीडिया कारोबारी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी सर एंथनी ओ’रेली के बेटे हैं। कैमरन के पास आयरिश और ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता है।
उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद वित्तीय क्षेत्र में अपना करियर शुरू किया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता की मीडिया कंपनी इंडिपेंडेंट न्यूज एंड मीडिया में काम किया।
बाद में वह ऑस्ट्रेलियाई मीडिया कंपनी एपीएन न्यूज एंड मीडिया से जुड़े और साल 2000 तक कंपनी के CEO की जिम्मेदारी संभाली।
प्राइवेट इक्विटी में बनाया बड़ा कारोबार
मीडिया क्षेत्र के बाद कैमरन ने प्राइवेट इक्विटी के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2003 में उन्होंने बेयार्ड कैपिटल नाम की निवेश कंपनी शुरू की।
कंपनी ने टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कारोबारों में निवेश किया। इसी दौरान लैंडिस+जीवाईआर नाम की मीटरिंग कंपनी का अधिग्रहण भी किया गया।
कैमरन के नेतृत्व में कंपनी को वर्ष 2011 में जापानी कंपनी तोशिबा को करीब 2.3 अरब डॉलर में बेचा गया।
कैमरन की पिछली शादी इल्से ओ’रेली से हुई थी और दोनों के चार बच्चे हैं। करीब दो दशक साथ रहने के बाद 2022 में दोनों अलग हो गए थे।
अब जेमिमा गोल्डस्मिथ और कैमरन ओ’रेली के विवाह के बाद दोनों की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है।



















