रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ साल 2025 की बड़ी सफल फिल्मों में शामिल रही। फिल्म की कहानी और कलाकारों के साथ-साथ इसके गानों ने भी दर्शकों के बीच खूब लोकप्रियता हासिल की। इनमें ‘शरारत’ गाना भी काफी चर्चा में रहा, जिसमें क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान ने वेडिंग डांसर्स का किरदार निभाते हुए शानदार परफॉर्मेंस दी थी।
अब क्रिस्टल डिसूजा ने खुलासा किया है कि उन्हें इस चर्चित गाने का हिस्सा बनने का मौका कैसे मिला और इसके लिए उनका सिलेक्शन किस तरह हुआ।
शूटिंग से 4 दिन पहले आया था फोन
क्रिस्टल ने डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान के व्लॉग में ‘शरारत’ से जुड़ी अपनी कहानी शेयर की। उन्होंने बताया कि शूटिंग से महज चार दिन पहले उन्हें कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का फोन आया था।
क्रिस्टल के मुताबिक, उस समय वह अपनी दोस्तों के साथ घर में थीं। फोन पर उन्हें बताया गया कि चार दिन बाद एक बड़े गाने की शूटिंग होने वाली है और एक लड़की पहले ही फाइनल हो चुकी है। टीम यह देखना चाहती है कि क्या वह भी इस प्रोजेक्ट के लिए उपयुक्त रहेंगी।
अचानक मिले इस ऑफर को लेकर क्रिस्टल ने पहले समय मांगा और फोन रख दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी दोस्तों से इस बारे में बातचीत की। दोस्तों ने उन्हें इस मौके को स्वीकार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
डांस की कोई प्रोफेशनल ट्रेनिंग नहीं ली थी
क्रिस्टल ने बताया कि उन्होंने पहले कुछ अवॉर्ड शोज में परफॉर्म जरूर किया था, लेकिन कभी डांस की बाकायदा ट्रेनिंग नहीं ली थी। उन्हें प्रोजेक्ट के बारे में भी शुरुआत में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई थी।
उन्होंने बताया कि उन्हें सिर्फ इतना पता था कि यह एक बड़ी फिल्म का गाना है। ऐसे में उनके लिए यह ऑफर एक तरह से अचानक आया हुआ मौका था।
11 अलग-अलग स्टेप्स के बाद हुआ चयन
ऑफर स्वीकार करने के बाद क्रिस्टल रिहर्सल के लिए पहुंचीं। वहां उनकी मुलाकात कोरियोग्राफर विजय गांगुली और फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर से हुई।
क्रिस्टल के अनुसार, रिहर्सल के दौरान उनसे 11 अलग-अलग डांस स्टेप्स करवाए गए। इन्हीं स्टेप्स के आधार पर टीम ने उनका ऑडिशन जैसा सिलेक्शन किया और उन्हें गाने के लिए फाइनल कर लिया गया। क्रिस्टल ने माना कि उस समय वह काफी नर्वस थीं।
आयशा खान के साथ खूब पसंद की गई परफॉर्मेंस
‘शरारत’ में क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान की जोड़ी ने दर्शकों का ध्यान खींचा। दोनों ने वेडिंग डांसर्स के रूप में अपनी परफॉर्मेंस से गाने में खास रंग भर दिया। गाना रिलीज होने के बाद उनके डांस स्टेप्स को भी सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया गया और कई लोगों ने उन्हें फॉलो करने की कोशिश की।
‘द ट्रेटर्स 2’ की विजेता भी बनीं क्रिस्टल
क्रिस्टल डिसूजा लंबे समय से टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने ‘एक हजारों में मेरी बहना है’, ‘ब्रह्मराक्षस’, ‘बेलन वाली बहू’, ‘एक नई पहचान’ और ‘कहे ना कहे’ जैसे कई टीवी शोज में काम किया है।
हाल ही में क्रिस्टल ने करण जौहर के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ में भी हिस्सा लिया और शो की विजेता बनीं। इसके बाद ‘शरारत’ में उनकी परफॉर्मेंस ने उनकी चर्चा को और बढ़ा दिया।



















