महिला मरीज से हालचाल लेते एडीएम सिटी
आगरा में कुट्टू के आटे की पूड़ी और पकौड़ी खाने से एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों से एडीएम सिटी अनूप कुमार मंगलवार रात मिलने पहुंचे। सभी से उनका हालचाल जाना। एसएन में 117 मरीज भर्ती थे। जिनमें से 113 को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
.
मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों ने एडीएम सिटी अनूप कुमार को बताया कि सभी ने कुट्टू के आटे का किसी न किसी रूप में सेवन किया था। इसी से उनकी तबीयत खराब हुआ। एडीएम सिटी ने सभी मरीजों को उच्च स्तरीय इलाज देने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद के चौहान हॉस्पिटल, जिला अस्पताल, राधे-राधे हॉस्पिटल एवं सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में टेढ़ी बगिया, नारीपुरा, राम विहार कॉलोनी, प्रतापपूरा, सेमरी, ताजगंज, लोहा मंडी, गोकुलपुरा एवं शाहगंज आदि से मरीज भर्ती हुए हैं। फरह से भी मरीज एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए हैं। जिला अस्पताल में 22 मरीज भर्ती हैं। सभी मरीजों को उल्टी, दस्,त घबराहट की शिकायत पर भर्ती किया गया था। सभी 117 मरीजों में से 113 मरीजों को प्राथमिक उपचार देकर डिस्चार्ज कर दिया गया है। उनका स्वास्थ्य अब सामान्य है। जबकि 4 मरीज़ अभी भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्हें भी संभवत: आज डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
सीज किया गया कुट्टू का आटा
499 किलो संदिग्ध कुट्टू आटा सीज
कुट्टू के आटे के सेवन से तबीयत बिगड़ने पर एफएसडीए की टीम ने मंगलवार शाम छापे मारे। जिला अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार, टीम ने कृष्णा नगर, शाहगंज स्थित एक घर में संचालित बंसल ग्रह उद्योग से 499 किलो संदिग्ध कुट्टू का आटा जब्त किया है। कुट्टू के आटे के अलावा, सिघाड़ा आटा, समई, साबुदान सहित अन्य व्रत की सामग्री मिली है। इसे आगरा के साथ ही आस पास के जिलों में सप्लाई किया जाता था। कुट्टू के 50-50 किलो के कटटे घर के बाहर मिले, इन्हें जब्त कर लिया है। दरेसी नंबर दो, टेढ़ी बगिया सहित अन्य जगहों पर भी की गई कार्रवाई। कई दुकानों से सैंपल लिए गए हैं।



















