– ₹7.43 करोड़ की लागत से भूतनाथ मंदिर मार्ग का होगा चौड़ीकरण, फुटपाथ और डेकोरेटिव लाइट्स से सजेगा बाजार
– व्यापारियों की वर्षों पुरानी मांग को विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने दिया विकास का नया आयाम
लखनऊ। इन्दिरा नगर का भूतनाथ बाजार अब केवल खरीदारी का प्रमुख केंद्र नहीं, बल्कि लखनऊ की एक नई और खूबसूरत पहचान बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिस तरह सिंगापुर का ऑर्चर्ड रोड अपनी चौड़ी सड़कों, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, व्यवस्थित फुटपाथ और खूबसूरत व्यावसायिक वातावरण के लिए दुनिया भर में पहचान रखता है, उसी तर्ज पर भूतनाथ बाजार को आधुनिक, व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
देश के यशस्वी रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के लोकप्रिय सांसद आदरणीय श्री राजनाथ सिंह जी की प्रेरणा तथा उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल मार्गदर्शन में लखनऊ पूर्वी विधानसभा के विधायक माननीय श्री ओ.पी. श्रीवास्तव जी के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग द्वारा सात करोड़ तैंतालीस रुपए की लागत से भूतनाथ मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण एवं डेकोरेटिव लाइट्स लगाने के कार्य का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर भूतनाथ बाजार के बड़ी संख्या में व्यापारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। व्यापारियों और क्षेत्रीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को विकास की प्राथमिकता बनाते हुए विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव द्वारा उठाया गया यह कदम बाजार के कायाकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
भूतनाथ बाजार की संकरी सड़कों, यातायात व्यवस्था, पैदल चलने वाले नागरिकों की सुविधा और बाजार के सौंदर्यीकरण से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना में सड़क चौड़ीकरण के साथ व्यवस्थित फुटपाथ और आकर्षक डेकोरेटिव लाइट्स की व्यवस्था की जाएगी। इससे बाजार को आधुनिक और बेहतर स्वरूप मिलने के साथ-साथ व्यापारियों एवं ग्राहकों दोनों को सुविधाएं मिलेंगी।
व्यापारियों की मांग से विकास की नई कहानी तक
भूतनाथ बाजार के व्यापारियों के लिए यह महज सड़क चौड़ीकरण की परियोजना नहीं, बल्कि उनके वर्षों के सपने को साकार करने की शुरुआत है। एक ऐसा बाजार, जहां ग्राहक सहजता से पहुंच सकें, पैदल चलने के लिए बेहतर स्थान हो, रात में रोशनी से बाजार जगमगाए और पूरा क्षेत्र एक सुंदर एवं व्यवस्थित व्यावसायिक केंद्र के रूप में दिखाई दे।
विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि भूतनाथ बाजार को केवल विकसित करना ही लक्ष्य नहीं है, बल्कि इसे ऐसा आकर्षक और व्यवस्थित बाजार बनाना है जिस पर क्षेत्रवासियों और व्यापारियों को गर्व हो। आने वाले समय में यह क्षेत्र लखनऊ के प्रमुख और खूबसूरत बाजारों में अपनी अलग पहचान बनाए, यही प्रयास है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों को विकास योजनाओं में प्राथमिकता दी जा रही है। भूतनाथ बाजार का यह कायाकल्प उसी सोच का परिणाम है। भूतनाथ बाजार के लिए यह सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि एक नई पहचान की शुरुआत है, जहां पुरानी रौनक आधुनिक सुविधाओं के साथ मिलकर लखनऊ के विकास की एक नई तस्वीर प्रस्तुत करेगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षगण, पार्षदगण, शक्ति केंद्र एवं बूथ पदाधिकारियों तथा देवतुल्य कार्यकर्ताओं के साथ भूतनाथ बाजार के व्यापारीगण उपस्थित रहे।



















