झांसी में शुक्रवार रात को सड़क हादसे में युवती, उसके भतीजे और पशु डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई।
झांसी में शुक्रवार रात को सड़क हादसे में युवती, उसके भतीजे और पशु डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। युवती की ललितपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा थी। वह एग्जाम देकर भतीजे के साथ पशु डॉक्टर की कार से घर लौट रही थी। कार तेज स्पीड में चल रही थी, रास्ते में संतुलन
.
डिवाइडर पर चढ़कर कार सड़क किनारे बनी पुलिया से जा भिड़ी। हादसे में पशु डॉक्टर की मौत हो गई। वहीं, मेडिकल कॉलेज में मौसी-भतीजे को मृत घोषित कर दिया गया। हादसा बबीना थाना क्षेत्र के झझरघाट के पास हुआ। सूचना पर प्रशासनिक और पुलिस अफसर मेडिकल कॉलेज पहुंच गया। रात में ही तीनों शवों के पोस्टमार्टम करवाए जा रहे हैं।
मौसी को पेपर दिलाने गया था भतीजा
जालौन के एट थाना क्षेत्र के जमरोही खुर्द गांव निवासी ऋतु यादव (28) पुत्री नारायण यादव कम्पटीशन की तैयारी कर रही थी। उसने यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा का फार्म भरा था। शुक्रवार को ललितपुर में पेपर था। ऋतु अपनी बड़ी बहन मंजू के बेटे मोंठ थाना क्षेत्र के बुढ़ावली निवासी विवेक यादव (23) पुत्र श्रीकांत यादव को लेकर पेपर देने गई थी।
मृतक ऋतु यादव, उसके भतीजे विवेक यादव और पशु डॉक्टर आशीष तिवारी की फाइल फोटो।
विवेक के मामेरे भाई आकाश यादव ने बताया कि “दोनों बस से ललितपुर गए थे। वहां दूसरी पाली में ऋतु ने पेपर दिया। इसके बाद वे घर लौट रहे थे। तब परिचित के पशु डॉक्टर आशीष तिवारी (35) मिल गए। दोनों लिफ्ट लेकर पशु डॉक्टर की कार में सवार हो गए। पशु डॉक्टर ही कार को ड्राइव कर रहे थे।”
परिजन रोते बिलखते हुए पहुंचे
एसएसपी राजेश एस. ने बताया कि कार ललितपुर-झांसी हाइवे पर बबीना थाना क्षेत्र के झझरघाट के पास पहुंची तो संतुलन बिगड़ गया। कार डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी लाइन में जाकर पुलिया से जा भिड़ी। इससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हादसे में पशु डॉक्टर आशीष तिवारी की मौके पर मौत हो गई। घायल ऋतु और उसके भतीजे विवेक झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां पर विवेक को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं इलाज के दौरान ऋतु की भी मौत हो गई।
एसएसपी मेडिकल कॉलेज पहुंचे
हादसे की सूचना पर एसएसपी राजेश एस. एडीएम प्रशासन एके सिंह और सीओ सदर स्नेहा तिवारी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
हादसे की सूचना पर पुलिस-प्रशासन अर्लट हो गया। एसएसपी राजेश एस. एडीएम प्रशासन एके सिंह और सीओ सदर स्नेहा तिवारी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। यहां पर लोगों से मामले की जानकारी दी गई। वहीं, हादसे की सूचना पर ऋतु, विवेक यादव और डॉ. आशीष तिवारी के परिजन रोते बिलखते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पशु डॉक्टर की छोटी-छोटी 3 बेटियां
पशु डॉक्टर आशीष तिवारी पुत्र रामकुमार पूंछ थाना क्षेत्र के महराजगंज देहरी गांव के रहने वाले थे। वह एट के पिंडारी गांव में पशु डॉक्टर थे। उनकी छोटी-छोटी 3 बेटियां हैं। इसमें 5 साल की भूमि, 5 साल की परि और 2 साल की गौरी है। पति की मौत के बाद पत्नी रानी का रो रोकर बुरा हाल है।
वहीं, ऋतु 5 बहनों में चौथे नंबर की थी। उसका एक भाई है। पिता खेती किसानी करते हैं। जबकि ऋतु की सबसे बड़ी बहन मंजू की शादी बुढ़ावली गांव के श्रीकांत से हुई है। मंजू के दो बेटे विवेक यादव और सुशांत हैं। विवेक ने भी पुलिस भर्ती परीक्षा का फार्म भरा था। उसका कानपुर में पेपर हो चुका था। ऋतु और विवेक यादव की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।



















