अमेरिका के यूटा राज्य के एक शॉपिंग मॉल में भारतीय मूल के एक व्यक्ति पर कथित रूप से धर्म पूछने के बाद चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित से पहले उसका नाम, मूल देश और धर्म के बारे में पूछा और इसके बाद उस पर कई बार चाकू से हमला कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, घायल युवक की पहचान सोहेल के रूप में हुई है, जो मॉल में कार्यरत था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने बातचीत के दौरान पीड़ित से पूछा कि वह कहां से है और क्या वह मुस्लिम है। जवाब मिलने के बाद उसने कथित तौर पर चाकू से कई बार हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी पीटर माइकल लार्सन को मौके से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पर हत्या के प्रयास और खतरनाक हथियार के इस्तेमाल सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसे स्थानीय जेल में न्यायिक प्रक्रिया के तहत रखा गया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पीड़ित की कई सर्जरी की जा चुकी हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने आरोपी को पुलिस के पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि यह मामला संभावित धार्मिक नफरत (हेट क्राइम) के दृष्टिकोण से भी जांच के दायरे में है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



















