मऊ में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी चक्रेश केन ने बताया
.
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चिन्हित 20 ब्लैक स्पॉट के लिए प्रस्ताव भेज जा चुका है। बजट आवंटन के उपरांत तत्काल कार्रवाई पूर्ण कर ली जाएगी। बडागांव संपर्क मार्ग पर स्पीड ब्रेकर एवं साइन बोर्ड लगाकर रंबल स्ट्रीप का निर्माण कार्य अभी तक पूर्ण नहीं होने पर जोल अधिकारी ने तत्काल इसे पूर्ण करने का निर्देश दिया।
चिन्हित सड़कों पर स्पीड ब्रेकर एवं साइन बोर्ड लगाने का निर्देश
इसी के साथ नगर के फातिमा चौराहे पर जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं सिटी मजिस्ट्रेट को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एआरटीओ को ऐसे वाहनों की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा जिनका पांच बार से अधिक ई-चालान हो चुका है। उन्होंने ऐसी समस्त गाड़ियों को सीज करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य मार्गों पर ई रिक्शा द्वारा जाम की स्थिति पैदा करने को लेकर जिलाधिकारी ने ई रिक्शा के लिए निर्धारित रूट चार्टों के अतिरिक्त अन्य मार्गो पर पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
सड़क सुरक्षा के प्रति स्कूल को भी करें जागरूक
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सड़क सुरक्षा के प्रति स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम किया जा सके।
इस दौरान उन्होंने मार्गों पर उचित प्रकाश की व्यवस्था, आवारा पशुओं पर नियंत्रण तथा जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण करने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिससे सड़क दुर्घटना होने की संभावना कम हो सके। रात के समय सड़क पर जहाँ भी अंधकार होता है वहाँ पर प्रकाश की व्यवस्था जरूर होना चाहिए।



















