घटना के बाद दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग देर रात थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की।
अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र के गांव तालसपुर में प्रधानी की रंजिश में देर विवाद हो गया और दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर फायरिंग के आरोप लगाए। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई और बताया गया कि उनके ऊपर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई
.
दो पक्षों के बीच विवाद और फायरिंग की सूचना मिलने पर रोरावर थाना पुलिस तत्काल एलर्ट हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच में पहले से ही आपसी रंजिश और विवाद बताया जा रहा है।
शुक्रवार देर रात हुई घटना
रोरावर के गांव तालसपुर में वर्तमान प्रधान के पति गुरफान और पूर्व प्रधान के बीच चुनावी विवाद काफी समय से चला आ रहा है। शुक्रवार देर रात को पूर्व प्रधान का साथी मुजाहिद और वर्तमान प्रधान के पति का भाई रेहान आमने सामने आ गए।
दोनों पक्षों का आरोप है कि उनके ऊपर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई है। जिसके बाद पूर्व प्रधान और वर्तमान प्रधान ने पुलिस को सूचना दी और अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। हंगामे को देखते हुए पुलिस तत्काल एलर्ट हो गई और दोनों ही पक्षों के आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
फायरिंग को पुलिस मान रही फर्जी
घटना के बाद रोरावर थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ तत्काल घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं उन्होंने सीसीटीवी कैमरे भी खंगालने शुरू कर दिए। लेकिन पुलिस को जांच में फायरिंग के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। जिसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही है और आए दिन विवाद होते रहते हैं। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर फायरिंग की सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके का निरीक्षण किया। लेकिन पुलिस को फायरिंग के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया फायरिंग का मामला फर्जी नजर आ रहा है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















