एक दिन मेरा 19 वर्षीय पोता मुझसे बोला, ‘दादू, मुझे लगता है कि आपको कवि-सम्मेलनों के अलावा भी कुछ काम करना चाहिए।’मैंने पूछा, ‘भाई, क्या काम करना चाहिए?’वो बोला-‘आपको शेयर और म्यूचुअल फंड में पैसा लगाना चाहिए ताकि कल को कवि-सम्मेलन कम हो जाएं तो भी, द
.
देख, अपने व्यापार के लिए भी बैंक से हमें मदद चाहिए हो तो एक सीमा से अधिक लोन हमें नहीं मिलता। उस पर भी ऐसी मूर्खता जिसमें अपने व्यापार के लिए हम बैंक से मदद लेकर दूसरे के व्यापार में शेयर खरीदकर उसकी मदद करें! मतलब, जिसे हम जानते हैं, उसको छोड़कर ऐसे आदमी पर भरोसा कर लें, जिससे हमारा कोई संबंध ही नहीं है! उधर मीलों दूर बैठा हिंडनबर्ग, जिसके नाम की स्पेलिंग भी तुझे नहीं आती होगी, वो किस कंपनी के शेयर की ऐसी-तैसी फेर देगा, हमें पता भी नहीं चलेगा!’
बेटा, शेयर बाजार बड़े लोगों का खेल है। इसका दूसरा पहलू ये है कि इसमें पिसते वो हैं, जो इसकी एबीसीडी भी नहीं जानते! मुझे आज तक समझ नहीं आया कि रूस और यूक्रेन का झगड़ा होता है तो हमारे शेयर क्यों गिर जाते हैं! ये तो ऐसे ही है कि सिर-फुटव्वल पड़ोसियों में हो और घायल हों हम। सेंसेक्स दो-चार सौ प्वाइंट गिर जाए तो पूरे देश के अखबार अर्थव्यवस्था की चिंता से भर जाते हैं। कुछ हजार कंपनियों के ग्राफ पर पूरा देश चिंतित हो उठता है और करोड़ों लोगों के जीवन में क्या घटित हो रहा है, इसकी खबर लेने वाला कोई नहीं है।
हमारी समस्याएं अलग हैं। सब्जी के भाव गिर जाएं तो किसान मर जाता है और सब्जी के भाव बढ़ जाएं तो आम आदमी की कमर टूट जाती है। एक आदमी हमेशा दुखी रहता था। मैंने उससे पूछा, ‘भाई, क्यों दुखी है?’वो बोला-‘मैंने एक बेटी कुम्हार को ब्याह दी और दूसरी एक किसान को। बरसात न हो तो एक का परिवार दुखी और बरसात हो तो दूसरी का परिवार दुखी। मुझे समझ नहीं आता कि मंदिर में भगवान से क्या मांगू!’हमें दुखी होने के लिए कोई न कोई कारण मिल ही जाता है। बरसात के बाद सड़कें खराब न हों तो ठेकेदार रोने लगता है और सड़कों पर गड्ढे हो जाएं तो जनता रोने लगती है!
बरसात का पानी सड़कों पर भर जाए तो विपक्ष वाले खुश हो जाते हैं कि सरकार पर उछालने के लिए कीचड़ मिल गया। और न भरे तो सत्ता पक्ष वाले खुश हो जाते हैं कि विपक्ष के हाथ कुछ नहीं लगा। एक पक्ष सुखी होता है तो दूसरा पक्ष दुखी हो जाता है। मैं राजनीति से पूछना चाहता हूं कि आपस की पक्ष-विपक्ष की लड़ाई ही लड़ते रहोगे या कभी देश के पक्ष की भी सोचोगे?
देश के 140 करोड़ लोग केवल अपने बारे में सोचते हैं। जनता देश की ताकत बनने की जगह देश पर भार बनने पर तुली है। मुझे लगता है कि हम सभी लोगों को शेयर बाजार के साथ अपने को जोड़ने की बजाय यह शेयर करना चाहिए कि देश की मूल परेशानियां क्या हैं, जिनसे देश जूझ रहा है। हमें देश को सींचना चाहिए, जबकि हम सब मिलकर देश को चूस रहे हैं।



















