(जनवीणा/शरदेन्द्र तिवारी)
बाराबंकी। शस्त्र और शास्त्र के प्रणेता, अक्षय निधि भगवान श्री परशुराम जी की जयंती के पावन अवसर पर आज जनपद में ‘सेवा और समरसता’ की अनुपम छटा देखने को मिली। स्थानीय दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के निकट स्थित सागर फैमिली मार्ट में आयोजित ‘विशाल भंडारे’ में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य रूप से माननीय विधानपरिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, अवनीश सिंह वर्मा, अंगद सिंह, विधायक दिनेश रावत, जिला अध्यक्ष भाजपा राम सिंह वर्मा ‘भुल्लन’, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा राजीव मिश्रा, करणी सेना के अभिनव सिंह, श्री विवेकानंद पाण्डेय, पूर्व सांसद उपेंद्र रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, श्याम तिवारी, रामबाबू तिवारी, रोहित सिंह, डॉ. विवेक वर्मा, हरगोविंद सिंह एवं श्रीमती राम कुमारी मौर्या सहित अनेक गणमान्य जन ने प्रभु के चरणों में मत्था टेका और आयोजन की भव्यता की सराहना की।
कार्यक्रम संयोजक प्रमोद तिवारी जी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता और भाईचारे का संचार करना रहा। दोपहर 2 बजे से ‘प्रभु इच्छा’ तक अनवरत चले इस भंडारे में हर वर्ग के लोगों ने सहभागिता की, जो आधुनिक परिवेश में हमारी सनातन परंपराओं की जीवंतता का प्रतीक बना। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों के अभूतपूर्व सहयोग ने इस धार्मिक अनुष्ठान को एक ‘जन-उत्सव’ में बदल दिया।



















