प्रदेश सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन को दे रही सर्वोच्च प्राथमिकता
लखनऊ (जनवीणा संवाददाता)। “प्रदेश सरकार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का लक्ष्य है “हर युवा को कौशल, हर हाथ को काम।” हम व्यापक जन सहभागिता से उत्तर प्रदेश में रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में देशभर में नई पहचान बनाने को कृत संकल्पित हैं।”
यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने बुधवार को फेयरस्ट्रीट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों से हुई बैठक में कही। मंत्री से बोरा समूह के प्रबंध निदेशक वत्सल बोरा, कार्यकारी निदेशक सुधांशु मिश्रा और फेयरस्ट्रीट के बिजनेस हेड सौरभ पांडेय ने शिष्टाचार भेंट की। बैठक में प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार और प्रशिक्षण के अवसरों से जोड़ने पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान “एक जिला, एक उत्पाद”, “मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना” और “उत्तर प्रदेश रोजगार सृजन मिशन” जैसी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। श्री वत्सल ने बताया कि फेयरस्ट्रीट इंडिया शीघ्र ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘वैश्विक कौशल संपर्क कार्यक्रम’ के अंतर्गत प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगी, जिससे ग्रामीण और शहरी युवाओं को विदेशी रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके।



















