लखनऊ। क्षेत्र के विकास एवं जनहित में किए गए कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से सोमवार को बख्शी का तालाब क्षेत्र में प्रतिष्ठित संस्थानों एवं उद्योग जगत से जुड़े व्यापारियों द्वारा एमएलसी पवन सिंह चौहान का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
एमएलसी पवन सिंह चौहान ने व्यापारियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, विशेष रूप से छोटे एवं गरीब व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यक्रम में व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पवन सिंह चौहान के प्रयासों से नेशनल हाईवे सीतापुर रोड पर दो महत्वपूर्ण डिवाइडर कट बनाए गए हैं जिससे क्षेत्र के लोगों एवं व्यापारियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिली है। इन डिवाइडर कट्स के निर्माण से यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिली है। साथ ही ट्रैफिक दबाव कम होने से पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। व्यापारियों ने एमएलसी की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम में संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष वेद रतन सिंह चौहान, मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह, उपाध्यक्ष कौशल शुक्ल, विनोद अवस्थी, महामंत्री महाराजा ईतेंद्र सिंह, सभासद मनोज रावत, व्यापार मंडल सदस्य मोनू रावत, कुंदन लोधी सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।




















