लखनऊ, 10 मई। भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह के समर्थन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन लखनऊ द्वारा शुक्रवार को आईएमए ऑडिटोरियम में चिकित्सक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विशिष्ट अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, भाजपा वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. अभयमणि त्रिपाठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सकां के सम्मान एवं स्वाभिमान के लिए भारतीय जनता पार्टी सदैव साथ खड़ी है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की स्थापना कार्य बड़ी तेजी से किया जा रहा है। अब अपने ही जिले में आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो इसके लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य रही है।
लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह जी मध्यम एवं गरीब वर्गों को बेहतर चिकित्सा सुविधा कैसे मिले इसको लेकर चिंतित रहते हैं। उनके निर्देशानुसार लखनऊ में वृहद स्वास्थ्य मेला लगाया जाता रहा है। महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण किया जा रहा है। आमजन के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए बड़ी संख्या में वार्ड स्तर पर पार्कों में ओपन जिम की स्थापना भी की गई है।

भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा कि समय-समय पर चिकित्सकों द्वारा सरकार के समक्ष जो भी विषय रखे गये हैं उसका निदान हुआ है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 104 किलोमीटर आउटर रिंग रोड के निर्माण से लखनऊ के विकास को गति मिलेगी। बड़े-बड़े उद्योग, अस्पताल स्थापित होंगे। लखनऊ बहुत बड़ा रोजगार देने का हब बनेगा।
आई.एम.ए. के निवर्तमान अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद बहुत बड़े बदलाव हुए हैं और अब चिकित्सकों को सीएमओ ऑफिस के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ते।चिकित्सक बैठक में लखनऊ आईएमए अध्यक्ष डॉ. विनीत मित्तल, सचिव डॉ. संजय सक्सेना, लखनऊ एलएनएचए अध्यक्ष डॉ. अनूप अग्रवाल, सचिव डॉ. संजय लखटकिया, एएनएचडब्ल्यूए अध्यक्ष डॉ. एस. एम. हसन, डॉ. अलाउद्दीन, डॉ. शाश्वत विद्याधर, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, डॉ. एस. के. सिंह, डॉ. मोहित अहमद, डॉ. मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।



















