लखनऊ, राजधानी की उत्तरी सीट से विधायक डा. नीरज बोरा ने फैजुल्लागंज समेत क्षेत्र में पैर पसार रहे डेंगू और मलेरिया को लेकर संजीदगी दिखाई है। इस बावत गुरुवार को डा. बोरा ने सीएमओ और नगर आयुक्त को क्षेत्र में सघन रुप से डेंगूरोधी अभियान चलाने का निर्देश दिया।

विधायक डा. बोरा ने बताया कि पहले फैजुल्लागंज में डेंगू की महामारी फैलती थी किन्तु राज्य सरकार के विशेष प्रयासों से अब काफी हद तक नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया है। इधर के दिनों में निकल रहे बुखार, डेंगू व अन्य वैक्टरजनित रोग से ग्रस्त लोगों की सूचना पर उन्होंने सीएमओ और नगर आयुक्त को वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए फैजुल्लागंज के चारों वार्डों समेत नगर निगम के जोन तीन व छह के अन्तर्गत आने वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई, फागिंग, एण्टी लार्वा छिड़काव, शिविर लगाने आदि के साथ ही सघन जागरुकता के कार्यक्रम कराने के निर्देश दिये हैं। डा. बोरा ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है, तथा हर तरह की बीमारियों से निबटने के सभी आवश्यक प्रबन्ध किये हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा में साफ सफाई प्रमुख बिन्दु है। जब तक हम सभी सजग नहीं होंगे तब तक स्वच्छ भारत अभियान को पूर्णता नहीं मिलेगी। डा. बोरा ने लोगों से अपील की कि अपने आस पास साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की बीमारी में नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर चिकित्सीय परामर्श अवश्य लें।



















