प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही जापान और चीन की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। अपनी विदेश यात्रा के पहले चरण में वह जापान के दौरे पर रहेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री चीन की यात्रा करेंगे, जहां वह मुख्य रूप से शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री के तौर पर आठवीं बार जापान यात्रा
यह मोदी की प्रधानमंत्री बनने के बाद जापान की आठवीं यात्रा होगी। वह भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यहां उनकी मुलाकात जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा से होगी। दोनों नेता भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही रक्षा-सुरक्षा, व्यापार, अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
रणनीतिक साझेदारी पर जोर
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत और जापान के बीच दीर्घकालिक मित्रता और विशेष संबंधों को और मजबूत बनाएगी। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी बातचीत होगी।
चीन दौरे पर शामिल होंगे SCO शिखर सम्मेलन में
यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी चीन जाएंगे। वहां वह एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और इस दौरान चीन सहित कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकातें करने की संभावना है।



















