लखनऊ। बक्शी का तालाब स्थित एस.आर. ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति, जनजाति मंत्री असीम अरुण ने छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र वितरित किए तथा स्नातकोत्तर छात्रों के साथ संवाद करते हुए लक्ष्य निर्धारण, कड़ी मेहनत और सही दिशा के महत्व पर बल दिया।

संस्थान में अप्रैल 2026 के प्रथम सप्ताह से 10 अप्रैल तक विभिन्न शैक्षणिक, खेल एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य छात्रों को तकनीकी ज्ञान, करियर मार्गदर्शन एवं समसामयिक विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 1 अप्रैल को आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान संस्थान के लगभग 5000 छात्रों ने इकाना क्रिकेट स्टेडियम पहुंचकर लखनऊ सुपर जायंट्स का उत्साहवर्धन किया। वहीं, 6 अप्रैल को आयोजित करियर मार्गदर्शन सत्र में अभय श्रीवास्तव ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों को गेट परीक्षा एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में प्रवेश की तैयारी के संबंध में जानकारी दी।

इसी क्रम में 9 अप्रैल को कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग विषय पर आयोजित कार्यशाला में ऋतु द्विवेदी एवं विनीत सक्सेना ने कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एवं एआई इंजीनियरिंग के छात्रों को डाटा विश्लेषण के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। कार्यशाला में छात्रों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। आयोजन में एस.आर.ग्रुप के चेयरमैन पवन सिंह चौहान, वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान सहित संकायाध्यक्षों एवं स्टाफ ने कार्यक्रमों के सफल आयोजन में सहयोग दिया।




















