राजस्थान का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में रेगिस्तान और रेत के टीले की तस्वीर उभरती है, लेकिन इस राज्य का दक्षिणी हिस्सा प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है। बांसवाड़ा ऐसा ही एक खूबसूरत शहर है, जिसे ‘राजस्थान का चेरापूंजी’ और ‘सिटी ऑफ 100 आइलैंड्स’ के नाम से जाना जाता है। मॉनसून के दौरान यहां की हरियाली, झीलें और झरने इस जगह को बेहद आकर्षक बना देते हैं।
बांसवाड़ा उदयपुर से लगभग 165 किलोमीटर दूर माही नदी के किनारे स्थित है। माही नदी के बैकवॉटर में बने छोटे-बड़े करीब 100 द्वीप इस शहर की सबसे बड़ी पहचान हैं। बारिश के मौसम में ये द्वीप और आसपास के झरने पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन जाते हैं।
बांसवाड़ा में घूमने की प्रमुख जगहें
चाचा कोटा गांव
बांसवाड़ा से करीब 34 किलोमीटर दूर स्थित यह गांव माही बांध के पास बसा है। चारों ओर फैली हरियाली और प्राकृतिक नजारे इसे मॉनसून में घूमने के लिए बेहतरीन जगह बनाते हैं।
लोढ़ी काशी
धार्मिक महत्व रखने वाली यह जगह ‘छोटी काशी’ के नाम से प्रसिद्ध है। यहां स्थित शिवलिंग और प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों को भी आकर्षित करते हैं।
त्रिपुरा सुंदरी मंदिर
बांसवाड़ा का यह प्राचीन शक्तिपीठ देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। माता त्रिपुरा सुंदरी को समर्पित यह मंदिर वर्षभर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहता है।
सिंहपुरा वॉटरफॉल
बांसवाड़ा से लगभग 26 किलोमीटर दूर स्थित सिंहपुरा वॉटरफॉल मॉनसून में अपने पूरे शबाब पर होता है। ऊंचाई से गिरता झरना और आसपास का प्राकृतिक वातावरण फोटोग्राफी और प्रकृति प्रेमियों के लिए शानदार अनुभव देता है।
अगर आप इस मॉनसून भीड़भाड़ से दूर किसी शांत, प्राकृतिक और ऑफबीट डेस्टिनेशन की तलाश में हैं, तो बांसवाड़ा आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होना चाहिए। यहां की हरियाली, झीलें, द्वीप, झरने और धार्मिक स्थल आपकी यात्रा को यादगार बना सकते हैं।



















