मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में वेक्टर बोर्न डिजिजेस से बचाव हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयुक्त कार्यालय स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि डेंगू, मलेरिया, टाईफाइड आदि रोगों के रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाए। कहा कि गली मोहल्ले में नियमित रूप से फॉगिंग, एंटीलार्वा का छिड़काव कराते रहें। फ्रिज, कूलर, टायर व गमलों व अन्य स्थानों पर पानी एकत्रित व जमा रहने के कारण डेंगू का प्रकोप बढ़ता है। उन्होंने कहा कि संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग (मलेरिया) की संयुक्त टीम बनाकर गली-मोहल्ले में जागरूकता अभियान चलाया जाना सुनिश्चित किया जाए। नाले-नालो की सफाई के दौरान ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव अवश्य करें।
मंडलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वाटर लॉगिग वाले एरिया में ड्रैनेज को चिन्हित करके तत्काल साफ-सफाई करायें। उन्होंने कहा कि जलभराव एरिया में युद्ध स्तर पर नाले-नालियों की साफ-सफाई करते हुए फागिंग/एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जाए। घर-घर जाकर पम्पलेट बाटने के साथ ही लाउडस्पीकर से भी लोगों को जागरूक कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। जागरूकता अभियान में आशा और एएनएम की सहभागिता भी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन रणविजय यादव, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



















