रामनगर के भीटी में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब कमरा खोला तो महिला का शव छत के कुंडे से लटकता मिला। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को उतारकर कब्जे में लिया और मायकेपक्ष को सूचना दी। मायके से पहुंचे भाई ने मृतका के ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया। तहरीर देकर पति, सास, जेठ-जेठानी और ननद को नामजद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं तहरीर के आधार पर जांच भी शुरू कर दी।



















