युग तुलसी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी कोली शेट्टी शिवकुमार के खिलाफ भेलूपुर थाने में धोखाधड़ी और धमकाने सहित अन्य आरोपों में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यह कार्रवाई सोनारपुरा की रहने वाली मंजू उर्फ संजू देवी और उनके देवर महेश कुमार साहनी की तहरीर पर की गई है।
मंजू ने पुलिस को बताया कि देवर महेश साहनी को अस्सी स्थित मुमुक्षु भवन के पास एक आदमी मिला था। खुद को गोरक्षा समिति का प्रमुख बताया और साथ में काम करने के लिए कहा। देवर और वह तैयार हो गए।
दोनों से आधार व आईडी कार्ड मांगा और एक कागज पर हस्ताक्षर कराया। बाद में पता लगा कि वह आदमी कोली शेट्टी शिवकुमार है। उसने लोकसभा चुनाव के अपने नामांकन में प्रस्तावक के रूप में उसका और उसके देवर के नाम और आधार कार्ड का इस्तेमाल किया है। जबकि, दोनों ही शिवकुमार के साथ न नामांकन प्रक्रिया में शामिल हुए थे और न कचहरी गए थे।
आधार कार्ड और आईडी कार्ड वापस मांगने पर कोली शेट्टी शिवकुमार ने धमकी देते हुए भगा दिया। भेलूपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि दो तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में दो मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



















