परीक्षा नजदीक आते ही कई छात्र सिलेबस पूरा करने और रिवीजन के लिए देर रात तक या पूरी रात जागकर पढ़ाई करने लगते हैं। उन्हें लगता है कि नींद कम करके पढ़ाई के लिए ज्यादा समय मिल जाएगा और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन होगा। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह आदत फायदे से ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है।
नींद की कमी से याददाश्त पर असर
विशेषज्ञों के अनुसार, पर्याप्त नींद न लेने से दिमाग की नई जानकारी को समझने और लंबे समय तक याद रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में छात्र भले ही अधिक समय तक पढ़ाई करें, लेकिन परीक्षा के दौरान जरूरी जानकारी याद करने में कठिनाई हो सकती है।
एकाग्रता और सोचने की क्षमता होती है कमजोर
रातभर जागने का असर केवल याददाश्त तक सीमित नहीं रहता। नींद की कमी से ध्यान केंद्रित करने, सवालों को सही तरीके से समझने और तार्किक निर्णय लेने की क्षमता भी कमजोर पड़ सकती है। इसका प्रभाव विशेष रूप से उन प्रश्नों पर पड़ता है, जिनमें विश्लेषण और समझ की जरूरत होती है।
परीक्षा में प्रदर्शन हो सकता है प्रभावित
पर्याप्त नींद न लेने वाले छात्रों को परीक्षा के दौरान छोटी-छोटी गलतियां करने, उत्तर व्यवस्थित ढंग से लिखने और समय का सही उपयोग करने में परेशानी हो सकती है। इससे अच्छी तैयारी होने के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाते।
शरीर और दिमाग दोनों के लिए जरूरी है नींद
विशेषज्ञ बताते हैं कि नींद केवल आराम करने का समय नहीं, बल्कि शरीर और मस्तिष्क के लिए जरूरी जैविक प्रक्रिया है। अच्छी नींद के दौरान दिमाग जानकारी को व्यवस्थित करता है, शरीर खुद की मरम्मत करता है और हार्मोन का संतुलन बनाए रखता है। इससे सीखने की क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और मानसिक संतुलन बेहतर रहता है।
लगातार नींद की कमी के खतरे
लंबे समय तक पर्याप्त नींद न लेने से तनाव, चिंता, सिरदर्द, डिप्रेशन और रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने जैसी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है। परीक्षा के दौरान ये परेशानियां प्रदर्शन पर नकारात्मक असर डाल सकती हैं और बीमार पड़ने की संभावना भी बढ़ा सकती हैं।
बेहतर तैयारी के लिए क्या करें?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि परीक्षा की तैयारी के दौरान नियमित दिनचर्या अपनाएं, पर्याप्त नींद लें, समय-समय पर रिवीजन करें और पढ़ाई के बीच छोटे-छोटे ब्रेक लेते रहें। इससे याददाश्त, एकाग्रता और परीक्षा में प्रदर्शन बेहतर हो सकता है।
अस्वीकरण: यह जानकारी उपलब्ध वैज्ञानिक अध्ययनों और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। इसे चिकित्सकीय सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय के लिए योग्य डॉक्टर या विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।



















