लखनऊ। बख्शी का तालाब स्थित एस.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में रविवार को पूर्व छात्र सम्मेलन “संगम 2024” में 1492 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर, यूपी सरकार के मत्स्य मंत्री संजय निषाद, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और विधान परिषद के सभापति मानवेंद्र सिह, गोविन्द इण्डस्ट्रीज के स्वामी सुशील अग्रवाल समेत अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे।

संस्थान के चेयरमैन एवं एमएलसी पवन सिंह चौहान ने कहा कि जीवन का वह समय जो आपने इस संस्थान में अध्ययन करते हुए बिताया है, वह समय आपके भविष्य के सृजन का समय था। आपने अपने गुरुजनों से दीक्षा प्राप्त की, जीवन भर के लिए मित्र बनाए। आज आप स्वावलंबी होकर पुनः इस संस्थान में वापस आए हैं और संस्थान के सभी गुरुजन आपका गर्व के साथ स्वागत कर रहे हैं। इस संस्थान के साथ आपका नाम, मान-सम्मान हमेशा जुड़ा रहेगा।
समारोह को सम्बोधित करते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पुरातन छात्रों से देश निर्माण में सहयोग करने तथा भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

संस्थान के वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान ने कहा कि हमारा संस्थान अब विश्वविद्यालय बन गया है और एलुमनी मीट में आने वाले छात्रों की संख्या हर साल बढ़ती ही रहेगी। आप सबका सहयोग छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगा। वाइस चेयरपर्सन सुष्मिता सिंह ने कहा कि एस.आर. ग्रुप छात्रों को पढ़ने और आगे बढ़ने के सभी अवसर प्रदान कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।

इस दौरान एमबीए छात्रों द्वारा डांस, रैंप वॉक, गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां भी हुईं। समारोह में एस.आर. इंस्टीट्यूट के शिक्षण व शिक्षणेत्तर कर्मी तथा छात्र छात्राएं भी मौजूद रहे।



















