लखनऊ, 12 मई। चतुर्थ चरण के चुनाव को लेकर सारी तैयारियां पूर्ण हो गयी हैं। पोलिंग पार्टियां रविवार को गन्तव्य के लिए रवाना हो चुकी हैं।

रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस वार्त्ता के दौरान बताया कि 13 लोक सभा निर्वाचन क्षेत्रों 27-शाहजहाँपुर (अ0जा0), 28-खीरी, 29-धौरहरा, 30-सीतापुर, 31-हरदोई (अ0जा0), 32-मिश्रिख (अ0जा0), 33-उन्नाव, 40-फर्रूखाबाद, 41-इटावा (अ0जा0), 42-कन्नौज, 43-कानपुर, 44-अकबरपुर, 56-बहराइच (अ0जा0) तथा विधानसभा उप निर्वाचन क्षेत्र 136-ददरौल में 13 मई, 2024 को मतदान होगा। मतदान प्रातः 7ः00 बजे से शुरू होकर सायं 6ः00 बजे तक चलेगा, जो भी मतदाता शाम 06ः00 बजे पोलिंग बूथ पर कतार में उपस्थिति रहेंगे, उन सभी मतदाताओं के वोट डलवाये जायेंगे।
चतुर्थ चरण में यूपी की जिन सीटों पर मतदान होना हैं, वहां का पूरा विवरण :-

चतुर्थ चरण के निर्वाचन क्षेत्र 13 जनपदों- शाहजहाँपुर, खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, एटा, फर्रूखाबाद, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कन्नौज तथा बहराइच में आते हैं। 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग आफिसर क्रमशः जिलाधिकारी शाहजहाँपुर, खीरी, मुख्य विकास अधिकारी, खीरी, जिलाधिकारी, सीतापुर, हरदोई, मुख्य विकास अधिकारी, हरदोई, जिलाधिकारी, उन्नाव, फर्रूखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर नगर, मुख्य विकास अधिकारी, कानपुर नगर तथा जिलाधिकारी, बहराइच तथा विधानसभा उप निर्वाचन क्षेत्र ददरौल के रिटर्निंग आफिसर उप जिलाधिकारी सदर, शाहजहाँपुर अधिसूचित हैं।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन -2024 के अंतर्गत कानपुर में उत्साहित मतदान कर्मी

चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अर्द्ध सैनिक बलों को दी गयी है। चतुर्थ चरण के निर्वाचन के दौरान अर्द्ध सैनिक बलों/पुलिस बलों के व्यवस्थापन के दृष्टिगत आकस्मिकता की स्थिति में मेडिकल सहायतार्थ एयर एम्बुलेंस एवं हेलीकाप्टर की व्यवस्था भी की गयी है। हेलीकाप्टर की लोकेशन 12 व 13 मई को कानपुर में तथा एयर एम्बुलेंस की लोकेशन 13 मई, 2024 को लखनऊ में रहेगी।
सखी बूथ पोलिंग पार्टी, फर्रूखाबाद :-

50 प्रतिशत मतदेय स्थलों पर (14,126 मतदेय स्थल) लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गयी है, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तरों पर किया जायेगा। उक्त के अतिरिक्त 5,420 मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है। चतुर्थ चरण में 189 आदर्श मतदेय स्थल एवं 122 महिला, 42 दिव्यांग तथा 55 युवा कार्मिक प्रबंधित मतदेय स्थल बनाये गये हैं।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन -2024 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में मतदान सामग्री प्राप्त कर पोलिंग बूथ की ओर रवाना होते मतदान कर्मी

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से वोटर इन्फार्मेशन स्लिप मतदाताओं को वितरित करायी गयी है, जिसके माध्यम से उन्हें अपने वर्तमान मतदेय स्थल एवं क्रम संख्या की जानकारी हो सकेगी। चतुर्थ चरण में कुल 2,44,86,751 (02 करोड़ 44 लाख 86 हजार 751) मतदाताओं को वोटर स्लिप वितरित की गयी है। इसके अतिरिक्त मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप, भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी अपने मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा हेतु वोटर गाइड का भी वितरण किया गया है। चतुर्थ चरण के जनपदों में 48,50,432 (48 लाख 50 हजार 432) परिवारों को वोटर गाइड वितरित की गयी है।
चतुर्थ चरण के जनपदों में 27 अक्टूबर, 2023 से 12 मई, 2024 तक कुल 16,10,813 (16 लाख 10 हजार 813) मतदाता फोटो पहचान पत्र वितरित कराये गये हैं। मतदान की अवधि में सभी बी0एल0ओ0 एल्फाबेटिक लोकेटर मतदाता सूची के साथ मतदाता सहायता बूथ पर उपस्थित रहेंगे एवं आने वाले मतदाताओं की सहायता करेंगे। दिव्यांग तथा वृद्ध मतदाताओं की सहायता के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर एवं वॉलन्टियर की व्यवस्था की गयी है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता फोटो पहचान पत्र के अतिरिक्त 12 अन्य पहचान पत्र (यथा-आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों/डाकघरों द्वारा जारी किये गये फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के अन्तर्गत आरजीआई द्वारा जारी किये गये स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किये गये फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किये गये सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार) मतदेय स्थल पर मतदाताओं की पहचान किये जाने हेतु मान्य होंगे।
मतदान से संबंधित कोई भी शिकायत प्रदेश स्तर पर 1800-180-1950 तथा जनपद स्तर पर 1950 टॉल-फ्री नम्बर पर कॉल करके दर्ज करायी जा सकती है। इसके अतिरिक्त सी-विजिल, वोटर हेल्पलाइन एप तथा एन0जी0एस0पी0 पर भी शिकायतें दर्ज करायी जा सकती हैं।
चतुर्थ चरण में सी-विजिल पर 16 मार्च से 12 मई, 2024 तक कुल 1489 शिकायतें दर्ज हुई हैं। उनमें 1052 शिकायतें सही पायी गयी हैं तथा 437 शिकायतें गलत पायी गयी हैं। कुल 1052 सही शिकायतों में से 1008 शिकायतें 100 मिनट की नियत समयावधि में निस्तारित की गयी हैं। शिकायत निस्तारण का औसत समय 47 मिनट है, जो कि नियत समयावधि 100 मिनट से कम है। चतुर्थ चरण में 16 मार्च से 12 मई 2024 तक 26.27 करोड़ रूपये की कीमत की शराब, नकदी व ड्रग आदि जब्त की गयी।
गर्मी व लू के दृष्टिगत मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) पर जहां तक मतदाताओं की कतार रहेगी वहां तक छाया व्यवस्था तथा शीतल पेयजल, शौचालय, साइनेज की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांगजनों के बैठने हेतु कुर्सियां, स्कूल बेंच की भी व्यवस्था की गई है। पैरामेडिक्स तथा आशा कर्मियों को पर्याप्त ओआरएस एवं मेडिकल किट उपलब्ध करायी गई है। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को मतदाताओं के साथ विनम्र और सहयोगपूर्ण व्यवहार के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
मतदान प्रतिशत की जानकारी 2-2 घण्टे पर मीडिया को प्रेषित की जायेगी। इसके अतिरिक्त वोटर टर्नआउट एप एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के सोशल मीडिया हैण्डलस् पर भी मतदान प्रतिशत की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



















