हरदोई में पिछले दिनों गर्रा नदी में आई बाढ़ के चलते आगमपुर पुलिया जमीदोंज हो गई थी, जिससे पाली-शाहाबाद मार्ग भी आगमपुर के पास दो हिस्सों में विभाजित हो गया था। इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है, और कांवड़ियों के रूट मार्ग को भी बदलना पड़ा
.
भीषण बाढ़ से पुलिया और मार्ग क्षतिग्रस्त
12 जुलाई को गर्रा नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण इस इलाके के कई गांव जलमग्न हो गए थे। बाढ़ की चपेट में आने से आगमपुर पुलिया जमीदोंज हो गई थी और पाली-शाहाबाद मार्ग आगमपुर के पास दो हिस्सों में विभाजित हो गया था। बीच में गहरी खाई बन जाने के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। तीन-चार दिन पहले लोक निर्माण विभाग ने शाहाबाद की ओर सड़क पर ह्यूम पाइप डाले हैं, लेकिन पुनर्निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है।
लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी
पाली से शाहाबाद जाने वाले लोगों को अब अनंगपुर और पिपरिया होते हुए शाहाबाद जाना पड़ रहा है, जो करीब 30 किलोमीटर लंबा रास्ता है, जबकि पाली से शाहाबाद की सीधी दूरी महज 15 किलोमीटर ही है।
कांवड़ियों के लिए रूट डायवर्जन
सावन माह के चलते कांवड़ियों के लिए भी रूट डायवर्जन किया गया है। पहले फर्रुखाबाद के पांचालघाट से गंगाजल लेकर कांवड़िए सकाहा या गोला गोकर्णनाथ पाली-शाहाबाद मार्ग से ही जाते थे। अब प्रशासन ने कांवड़ियों के लिए हुल्लापुर से अल्हागंज और जलालाबाद होते हुए शाहजहांपुर से गोला गोकर्णनाथ और हुल्लापुर से रूपापुर सवायजपुर और लोनार होकर हरदोई से सकाहा मंदिर तक का नया रूट तय किया है।
स्थानीय लोगों की मांग
इलाकाई लोगों का कहना है कि आगमपुर के पास पाली-शाहाबाद मार्ग पर पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने में इतनी देरी क्यों हो रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।



















