प्रयागराज। भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी के समर्थन में मेजा और कोरांव विधानसभा में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में पहुंचे राज्य सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देख यह सिद्ध हो गया है कि विजय निश्चित हमारी ही होगी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि आज हमारी सरकार ने गुंडाराज खत्म करने का काम किया है, तो वहीं विपक्षी सरकार ने गुंडों को पालने और संरक्षण देने का काम किया। आज गुंडागर्दी करने से पहले योगी का बुलडोजर याद आ जाता है।

प्रयागराज लोकसभा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए श्री शर्मा ने जीत का बिगुल बजाया। इस दौरान सांसद रीता बहुगुणा जोशी एवं जिलाध्यक्ष भाजपा विनोद प्रजापति भी मौजूद रहे। मंत्री शर्मा का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ए.के.शर्मा ने कहा कि आयुष्मान कार्ड आज गरीबों का सहारा बना है। यह सब विकास केवल भाजपा में ही संभव है, जिसमें गरीबों को राशन, गैस सिलेंडर तमाम योजनाएं चल रही हैं। पूर्व की चाचा भतीजे की सपा सरकार ने बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़ किया और रोजगार कुछ विशेष लोगों को चिन्हित करके दिया गया, लेकिन आज शिक्षा का स्तर सुधार हो रहा है। प्रदेश में एम्स इंजीनियरिंग कॉलेज खुले हैं। हमारी सरकार ने गुंडाराज खत्म करने का काम किया है तो वहीं विपक्षी सरकार ने गुंडा पालने का काम किया था। आज किसी को गुंडागर्दी करने से पहले योगी का बुलडोजर याद आ जाता है। यह सब जनता द्वारा बीजेपी के पक्ष में मतदान के कारण हुआ।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ती है, जो कहती है उसे पूरा करती है। हम सभी मोदी जी के परिवार हैं और इस परिवार का कुशल नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे है। इस बार 400 सीट के पार होगा, जब हम आप सब लग कर हर बूथ पर जो पिछली बार मतदान हुआ था, उससे 370 मतदान ज्यादा करवाएंगे। उन्होंने कहा कि मान लीजिए अगर पिछली बार 200 मत पड़े तो पिछली बार का 200 + 370 मतलब 570 मत पड़ने चाहिए हर बूथ पर। वैसे मेरा मानना है कि हर बूथ पर 100% मतदान हो और वह मतदान भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हो।




















