पर्यटन अपने आप में बेहद व्यापक शब्द है। आजकल इसमें कई विधाएं जुड़ गई हैं। पहले पर्यटन घूमने-फिरने तक ही सीमित था। मन बहलाने या फिर नौकरी -रोजगार के लिए लोग एक प्रांत से दूसरे प्रांत, एक देश से दूसरे देश की यात्राएं कर लिया करते थे। इससे उनका ज्ञान भी बढ़ता था। वहां के रहन-सहन, बोल-चाल, पहनावा और कार्य संस्कृति से भी रूबरू होने का मौका मिलता था। बदलते समय के साथ यह पहले धार्मिक पर्यटन से जुड़ा। लोग एक दूसरे की धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं को जानने-समझने में रुचि लेने लगे। मंदिरों की स्थापत्य और वास्तुकला से दो-चार होने लगे। इससे साहित्य, संगीत, संस्कृति और सभ्यता के क्षेत्र में समावेशन को गति मिली। बाद में प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों ने अपने विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर भेजना आरंभ किया। फिर खेल पर्यटन आरंभ हुआ। जाहिर तौरपर इससे देश-दुनिया को समझने में सहूलियत हुई। तकनीकी के विकास से कुछ हम बढ़े, कुछ वे बढ़े और अब पर्यटन के क्षेत्र में एक और नई विधा जुड़ गई है। वह है राजनीतिक पर्यटन। संप्रति एक दल दूसरे दल के नेता पर राजनीतिक पर्यटन का आरोप लगा रहे हैं। सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा और राहुल गांधी जब भी अमेठी या रायबरेली पहुंचते हैं तो उन पर राजनीतिक पर्यटन यानी कि भ्रमण पर आने के आरोप लगते रहे हैं। अब इसी तरह के आरोप ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भाजपा पर लगने लगे हैं। एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की यह बात बरबस ही याद आती है कि दैव के आने कानहीं, परचने का डर है। व्यक्ति आए और चला जाए, यहां तक तो गनीमत है लेकिन वह अपनी जड़ें जमाने लगे तो खटकना स्वाभाविक है। लालू प्रसाद यादव के सुपुत्र तेज प्रताप यादव को मथुरा- वृंदावन में कृष्ण रूप में बांसुरी बजाते या पटना में शिवरात्रि पर डमरूधारी शिव बने बहुतों ने देखा होगा, संस्कृति के उत्थान के लिहाज से यह अच्छी बात है लेकिन शिव और कृष्ण का बानक धारण करने से बेहतर तो यह है कि उनके गुणों को अपने आचरण में धारण किया जाए। पर्यटन अच्छी चीज है। ऐसा न होता तो अंतर्राष्ट्रीय घुमक्कड़ राहुल सांकृत्यायन ‘अथातो घुमक्कड़ जिज्ञासा ’जैसा लेख क्यों लिखते? ‘सैर कर दुनिया की गाफिल जिंदगानी फिर कहां, जिंदगी गर कुछ रही तो नौजवानी फिर कहां ’का उद्घोष क्यों करते। भारतीय संस्कृति तो ‘सबै भूमि गोपाल की’जैसी अवधारणा में यकीन करती है। सोचिए वास्को डि गामा और कोलंबस ने समुद्री यात्राएं न की होतीं तो देश दुनिया को भारत और अमेरिका का पता कैसे चलता? इसलिए पर्यटन बड़ीचीज है। वह चाहे राजनीतिक पर्यटन ही क्यों न हो, उसे सीमित संदर्भों में नहीं लिया जाना चाहिए। यह देश सबका है। इसलिए देश के समस्त भूभाग पर जाने , वहां की संस्कृति, सभ्यता, ज्ञान-विज्ञान, सुविधाओं और असुविधाओं से अवगत होने का हर भारतवासी का कर्तव्य है, अधिकार है। देश को टुकड़ों में बांटकर देखने की परंपरा यहां रही ही नहीं है। देश को तो समग्रता में ही देखना चाहिए लेकिन इन दिनों जहां प्रांतों में काम कर रहीं सरकारें और उसके मुखिया खुद को अपने प्रांत तक ही समेट कर रख रहे हैं, वह किसी भी लिहाज से उचित नहीं है। इससे अति विकसित राष्ट्र की भावभूमि नहीं बन पाती। राजनीतिक दलों में सभी राज्यों में अपना प्रभुत्व बढ़ाना चाहिए जिससे सांस्कृतिक सामाजिक समरसता बढ़े और उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम कोजोड़ने और समझने में मदद मिले। काश, हम इस स्तर तक सोच पाते।

















